एमसीबी

पंचायत चुनाव 2026 की तैयारी तेज: निर्वाचक नामावली निर्माण का विस्तृत कार्यक्रम तय, 5 मई को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन।

एमसीबी (ट्रैक सिटी)/ छत्तीसगढ़ में पंचायत आम निर्वाचन 2026 को लेकर तैयारियां अब तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत समय-अनुसूची जारी कर दी है। आयोग ने छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 42 एवं पंचायत निर्वाचन नियम 1995 के नियम 18 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए यह कार्यक्रम निर्धारित किया है।

जारी निर्देशों के अनुसार प्रदेश के सभी विकास खंडों में 1 अप्रैल 2026 की स्थिति में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार की जाएगी। इसके लिए संबंधित जिलों, पंजीकरण अधिकारियों तथा विभागीय अमले को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।

निर्वाचन प्रक्रिया के द्वितीय चरण में दावा-आपत्ति और अंतिम प्रकाशन की कार्यवाही 13 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 5 मई 2026 तक चलेगी। 13 अप्रैल को निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा, जिसके साथ ही दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू होगी। इच्छुक नागरिक 20 अप्रैल 2026 अपराह्न 3 बजे तक अपने दावे और आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 23 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा।

इसके बाद 24 अप्रैल 2026 तक पंजीकरण अधिकारी एवं सहायक पंजीकरण अधिकारियों को प्रपत्र-1 में दावे प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। 27 अप्रैल 2026 तक इन दावों का अंतिम निराकरण किया जाएगा, वहीं निराकरण आदेश के विरुद्ध पांच दिनों के भीतर अपील करने का प्रावधान भी रखा गया है। 29 अप्रैल 2026 तक मतदाता सूची में परिवर्धन, संशोधन और विलोपन से संबंधित प्रविष्टियां सॉफ्टवेयर में दर्ज की जाएंगी।

आगे की प्रक्रिया में 2 मई 2026 तक चेकलिस्ट की पुनः जांच कर पीडीएफ जिला कार्यालय को सौंपा जाएगा, जबकि 4 मई 2026 तक अनुपूरक सूची का मुद्रण कर उसे मूल सूची के साथ संलग्न किया जाएगा। अंततः राज्य निर्वाचन आयोग की स्वीकृति के बाद 5 मई 2026 को पंचायत निर्वाचन हेतु अंतिम निर्वाचक नामावली का विधिवत प्रकाशन किया जाएगा।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button