कोरबा

पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष पर दिनदहाड़े हमला, स्टील रॉड से दोनों पैर तोड़े; मंत्री देवांगन पहुंचे अस्पताल

कोरबा (ट्रैक सिटी)। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर हुई एक सनसनीखेज घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर कथित रूप से जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली और उसके साथियों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने दिनदहाड़े स्टील रॉड से शिव बालक सिंह तोमर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनके दोनों पैर घुटने के नीचे गंभीर रूप से घायल हो गए और फ्रैक्चर हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी तथा महापौर संजू देवी राजपूत मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और घायल तोमर का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से चर्चा कर बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री देवांगन ने इस घटना को गंभीर बताते हुए पुलिस अधीक्षक को मामले की त्वरित एवं निष्पक्ष जांच करने तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस घटना ने शहर में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मचा दी है तथा आरोपी पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button