कोरबा

बरसात के बीच लगी आग से मचा हड़कंप-एक बाइक, तीन स्कूटी और दो साइकिल जलकर हुई खाक , लगभग पांच लाख रुपये के नुकसान का दावा।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कोरबा – चाम्पा मार्ग में बसे ग्राम उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम आमापाली में देर रात हुई एक आगजनी की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। लगातार बरसात के मौसम के बीच अचानक लगी आग में 1 मोटरसाइकिल, 3 स्कूटी और 2 साइकिल जलकर राख हो गईं। पीड़ित परिवार के अनुसार इस हादसे में लगभग पांच लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है और मामला जांच का विषय बना हुआ है।

पीड़ित सुनील कुमार देवांगन ने उरगा थाने में दिए आवेदन में बताया कि 8 जुलाई की रात लगभग 10:30 बजे उन्हें आग की गंध महसूस हुई। बाहर निकलकर देखा तो आंगन में रिपेयरिंग के लिए खड़ी मोटरसाइकिल में आग लगी हुई थी। देखते ही देखते आग ने आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया और घर की ओर फैलने लगी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिवार के लोगों ने तुरंत सभी सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया तथा फायर ब्रिगेड और डायल-112 को सूचना दी। हालांकि, ग्रामीणों और परिजनों की तत्परता से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

पीड़ित का कहना है कि आग किस वजह से लगी, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। बरसात के मौसम में इस तरह अचानक आग लगने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा है कि आखिर इतनी नमी और बारिश के बीच आग कैसे लगी। यह दुर्घटना थी, तकनीकी खराबी का परिणाम या किसी अन्य कारण से आग लगी, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल का निरीक्षण कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों और आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button