कोरबा (ट्रैक सिटी)/ बांकीमोगरा थाना पुलिस ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस को रात में एक संदिग्ध पिकअप वाहन की आवाजाही की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने तत्काल घेराबंदी की।
कार्रवाई के दौरान CG-10-AZ-4376 नंबर की एक वाहन संदिग्ध अवस्था में मिली। तलाशी के दौरान पुलिस टीम भी चकित रह गई। वाहन से रेलवे ट्रैक के बड़े–बड़े कटे हुए टुकड़े, गैस कटर, सिलेंडर और अन्य कटिंग उपकरण बरामद किए गए।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कोई गिरोह सुनसान इलाकों में रेलवे लाइन को काटकर इन्हें कबाड़ी बाजार में मोटी कीमत पर बेचने की फिराक में था। सबसे बड़ा सवाल यह है कि रेलवे ट्रैक तक काट दिए गए और इसकी भनक रेलवे विभाग को तक नहीं लगी। यह घटना रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
रेलवे ट्रैक की कटाई न केवल सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाती है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन सकती है। पुलिस की शुरुआती जाँच में इस अवैध कारोबार में कई लोगों की संलिप्तता की आशंका है।
पुलिस ने सभी सामग्री जब्त करते हुए रेलवे एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। बांकीमोगरा पुलिस की यह कार्रवाई कबाड़ माफिया के नेटवर्क पर एक बड़ी चोट मानी जा रही है। जांच जारी है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े नाम भी सामने आएंगे।

