कोरबा

बुधवारी बाजार के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने टूटा नाली का स्लैब, मालवाहक वाहन धंसा; नए निर्माण की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल

कोरबा (ट्रैक सिटी)। शहर के व्यस्ततम बुधवारी बाजार के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने हाल ही में निर्मित नाली का स्लैब शनिवार को मालवाहक वाहन का भार पड़ते ही धंस गया। इस घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार, उक्त स्थान पर हाल ही में नाली का निर्माण कराया गया था और नए स्लैब भी डाले गए थे। लेकिन निर्माण के कुछ ही समय बाद स्लैब के धंस जाने से कार्य की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लग गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से शहर में विकास कार्य कराए जा रहे हैं, लेकिन यदि नए निर्माण की यही स्थिति रही तो सरकारी धन की बर्बादी के साथ आम जनता की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाएगी।
घटना के समय एक मालवाहक वाहन बाजार के अंदर से बाहर आ रहा था। जैसे ही वाहन नाली के ऊपर बने स्लैब से गुजरा, स्लैब टूटकर धंस गया और वाहन का पहिया नाली में फंस गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा। बाद में वाहन को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने इस घटना की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने तथा दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जब हाल ही में बनाए गए स्लैब इतनी जल्दी टूट सकते हैं, तो शहर में हुए अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से क्षतिग्रस्त स्लैब को तत्काल बदलने, मजबूत निर्माण सुनिश्चित करने तथा पूरे क्षेत्र के नए निर्माण कार्यों का निरीक्षण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button