कोरबा

मोदी सरकार के 12 साल: विकास, विश्वास और नए भारत की कहानी — केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू।

12 साल, बेमिसाल: कोरबा में तोखन साहू ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां।

कोरबा(ट्रैक सिटी)/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं को “प्रधान सेवक” मानते हैं और 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार समझकर दिन-रात सेवा में जुटे हुए हैं। टी.पी. नगर स्थित प्रेस क्लब तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला सह प्रभारी बृजेन्द्र शुक्ला, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जोगेश लांबा एवं अशोक चावलानी सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पत्रकारों को संबोधित करते हुए हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूलमंत्र के साथ देश आज नए भारत के निर्माण की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह नया भारत किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शता भी नहीं है।

*गरीब कल्याण से लेकर महिला सशक्तिकरण तक गिनाईं उपलब्धियां*

तोखन साहू ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि जन-धन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं की है। कोरोना काल से अब तक 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों नागरिकों को निःशुल्क उपचार की सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले हैं तथा उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाई है। जल जीवन मिशन के जरिए घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य किया गया है, वहीं स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता की नई चेतना पैदा की है।

*किसानों, युवाओं और जनजातीय समाज पर विशेष फोकस*

केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है। किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाकर किसानों को सस्ता ऋण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान के लिए हजारों करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है तथा ‘धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के माध्यम से आदिवासी क्षेत्रों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मुद्रा योजना और पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा मिला है, जबकि लखपति दीदी और सुकन्या समृद्धि जैसी योजनाओं ने महिलाओं और बेटियों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है। तोखन साहू ने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक की 12 वर्षों की यह यात्रा भारत के लिए परिवर्तनकारी रही है। “सशक्त, समृद्ध और सुरक्षित भारत” का जो संकल्प लिया गया था, वह आज धरातल पर दिखाई दे रहा है और आने वाले वर्षों में भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में और मजबूती से अपनी पहचान स्थापित करेगा।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button