कोरबा

राजस्व पखवाड़ा शिविर में अचानक पहुँचे कलेक्टर, ग्रामीणों को आवेदन देकर राजस्व प्रकरण निराकरण कराने कहा।

किसान किताब का किया वितरण।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कलेक्टर कुणाल दुदावत आज पाली विकासखंड के अंतर्गत ग्राम सराईपाली में आयोजित राजस्व पखवाड़ा शिविर में अचानक पहुँचे। शिविर में अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे ग्रामीणों से उन्होंने सीधा संवाद किया और शिविर आयोजन के उद्देश्य की जानकारी देते हुए कहा कि राजस्व से संबंधित कोई भी समस्या हो, तो अवश्य आवेदन दें। प्राप्त सभी आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाएगा।

कलेक्टर ने बताया कि राजस्व पखवाड़ा शिविर में पटवारी और सचिव अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उन्होंने गाँव की अन्य समस्याओं की जानकारी भी ली।

राशन दुकान में चावल वितरण की स्थिति जानने पर कलेक्टर ने बताया कि खाद्यान्न का भंडारण पूरा कर लिया गया है, और शेष माह का चावल भी जल्द वितरित कर दिया जाएगा। उन्होंने खाद्य विभाग को समय पर चावल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर में आवेदन देने वाले किसान भजन सिंह, रामकुमार, उत्तम सिंह और बंधन सिंह को कलेक्टर ने किसान किताब का वितरण किया।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में राजस्व पखवाड़ा शिविर का आयोजन 1 से 15 अप्रैल तक किया जा रहा है। इस अवधि में सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों के आवेदन प्राप्त कर उनका प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। इस दौरान एसडीएम पाली भी उपस्थित रहे।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button