कोरबा

रेलवे ट्रैक किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, मानसिक रोगी होने की आशंका।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत उरांव बस्ती समीप रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिला। शव देखे जाने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

लोगों द्वारा जानकारी देते हुए बताया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक पर काम करने वाले मजदूरों ने सुबह युवक को एक पैर के ऊपर पैर रखकर सोया हुआ देखा था। पास में पानी की बोतल भी थी, जिससे उन्हें लगा कि वह आराम कर रहा है। काफी समय बीत जाने के बाद जब लोग पास गए, तो पाया कि उसकी सांसें थम चुकी थीं और नाक से झाग निकला हुआ था।

घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके पर जांच की। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पता चला कि युवक पिछले कुछ दिनों से आसपास घूमते हुए देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि वह मानसिक रोगी था और उसकी मौत भूख के कारण हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा अंतिम स्टेशन होने के कारण अक्सर मानसिक रोगियों को ट्रेन में बैठा दिया जाता है, जिससे वे सीधे कोरबा पहुंच जाते हैं। इस वजह से जिले में मानसिक रोगियों की संख्या बढ़ रही है। मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच की है, लेकिन युवक की मौत कब, कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी जांच का विषय है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button