कोरबा

वाराणसी से लाए गए पवित्र माटी और जल के कलश की 31 को श्री राम मंदिर में साधु-संतों की उपस्थिति में विशेष पूजा-अर्चना

 

संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा के ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत अम्बिकापुर होते हुए रायपुर पहुँचेगा पवित्र कलश

प्रदेश महामंत्री व जयंती कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक अखिलेश सोनी ने बताया : 31 जुलाई दिन को कलश पूजन का कार्यक्रम आयोजित कर कलश स्थापना की जाएगी

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के निमित्त आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी से पवित्र माटी एवं जल लेकर निकला भाजपा का प्रतिनिधिमण्डल कल 31 जुलाई को राजधानी पहुँचेगा। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं संत रविदास जयंती कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक अखिलेश सोनी ने यह जानकारी दी।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री सोनी ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि संत रविदास के समरस समाज के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए यह पवित्र कलश अगले चरण में प्रदेश के सभी जिलों में जाएगा। श्री सोनी ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास ने समाज से भेदभाव को मिटाकर बंधुत्व और समरसता का मार्ग दिखाया था। उनकी 650वीं जयंती के इस ऐतिहासिक अवसर पर वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी का स्वागत अभियान प्रदेश के प्रत्येक जिले में निरंतर चलाया जाएगा। श्री सोनी ने बताया कि अम्बिकापुर में भव्य स्वागत के पश्चात यह यात्रा जगह-जगह जन-अभिनंदन स्वीकार करते हुए बिलासपुर पहुँचेगी। बिलासपुर में रात्रि विश्राम के बाद कल 31 जुलाई को दोपहर 12 बजे बंजारी माता मंदिर रायपुर पहुँचेगा एवं शहर की प्रमुख स्थानों से होते हुए दोपहर 1 बजे यह यात्रा राजधानी रायपुर स्थित श्री राम मंदिर पहुँचेगी जहाँ पूज्य साधु-संतों की गरिमामय उपस्थिति में पवित्र कलश, वाराणसी की माटी का विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया जाएगा। श्री राम मन्दिर में पूजन के पश्चात यह पवित्र कलश प्रदेश भाजपा के सभी संगठन जिलों में दर्शन एवं पूजन हेतु पहुँचाया जाएगा, ताकि पूरे प्रदेश में समरसता और सद्भाव का वातावरण निर्मित हो सके।

कलश वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय होंगे शामिल

श्री सोनी ने बताया कि 31 जुलाई राम मंदिर में विशेष पूजा कार्यक्रम के पश्चात 4 अगस्त पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम में कलश वितरण का कार्यक्रम का आयोजन किया गया है जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश के साधु-संत एवं विभिन्न समाजों के समाज प्रमुख उपस्थित रहेंगे। ये कलश प्रदेश के 36 संगठन जिला के जिलाध्यक्षों को सौंपे जाएंगे, जिसके बाद प्रदेश के 479 मण्डलों में कलश वितरण का कार्यक्रम होगा। श्री सोनी ने बताया कि पूरे प्रदेश में आयोजन को सफल बनाने के लिए टीम का गठन किया गया है जो समरसता अभियान को जनअभियान बनाने में जुटी हुई है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button