Korba

सचिन पायलट के नेतृत्व में कांग्रेस की मशाल रैली और आमसभा कल होगा आयोजन।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ लोकतंत्र में कथित “वोट चोरी” के विरोध में कांग्रेस इन दिनों “वोट चोर, गद्दी छोड़” अभियान चला रही है। इसी कड़ी में 16 सितम्बर को कोरबा में विशाल मशाल यात्रा, हस्ताक्षर अभियान और आमसभा का आयोजन होगा।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत शाम 7 बजे निहारिका टाकीज के पास नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर और कैंडल जलाकर होगी। इसके बाद मशाल यात्रा स्व. बिसाहूदास महंत स्मृति उद्यान तक पहुंचेगी। रास्ते में डॉ. भीमराव आंबेडकर, मिनीमाता और स्व. बी.डी. महंत की प्रतिमाओं पर भी श्रद्धांजलि दी जाएगी। यात्रा के दौरान कांग्रेस पदाधिकारी हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे और “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारे लगाए जाएंगे।

मशाल यात्रा के उपरांत स्व. बी.डी. महंत उद्यान में आमसभा होगी। इसमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी व पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, प्रदेश सह प्रभारी जरिता लैतफ्लांग, विजय जांगिड़, सांसद ज्योत्सना महंत सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

इस अभियान की शुरुआत रायगढ़ से होगी और उसी दिन शाम कोरबा में मशाल रैली और आमसभा का आयोजन है। कार्यक्रम की सफलता के लिए पीसीसी द्वारा 22 सदस्यीय जिला स्तरीय संचालन समिति गठित की गई है, जिसमें सांसद ज्योत्सना महंत को संरक्षक और पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को संयोजक बनाया गया है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष नत्थूलाल यादव व मनोज चौहान ने बताया कि शहर स्तर पर भी छह संचालन समितियां बनाई गई हैं, जिन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें पेयजल व्यवस्था से लेकर रैली संचालन तक की तैयारियां शामिल हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विधायक फूलसिंह राठिया, पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर, मोहित केरकेट्टा, श्यामलाल कंवर, दुलेश्वरी सिदार, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवकला कंवर, प्रदेश पदाधिकारी प्रशांत मिश्रा, विकास सिंह सहित कई नेताओं ने आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button