कोरबा

सतरेंगा के छह घरों में छापामारी, साल और बीजा के 359 चिरान जब्त।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कोरबा के बालकोनगर रेंज में जंगल से इमारती लकड़ी को काटने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। इसमें एक शिक्षक भी शामिल है। गिरोह से 359 नग साल और बीजा के चिरान को जब्त किया गया है।

वन विभाग की टीम ने ग्राम सतरेंगा में जंगल माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इमारती लकड़ी को काटकर घर में छिपाने की सूचना पर वन विभाग ने यहां छापामार कार्रवाई की। अवैध रूप से संग्रहित बीजा, साल, हल्दू व अन्य प्रजाति के चिरान जब्त किए गए। शिक्षक जगत निर्मलकर के घर से 254 नग (साल, बीजा), महेत्तर सिंह के घर से 73 नग (साल, बीजा व हल्दू), घासीराम के घर से 18 नग (साल), लच्छीराम के घर से 10 नग (साल, बीजा) और भगत राम के घर से चार नग (साल) चिरान बरामद हुए। वन विभाग की कार्रवाई में कुल 359 नग चिरान जब्त किए गए हैं। इनकी मात्रा लगभग 5.405 घनमीटर व अनुमानित बाजार मूल्य 4.25 लाख रुपए है।

यह कार्रवाई पुलिस बल व वन विभाग के 55 अधिकारियों-कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की। इसमें बालको, कोरबा व लेमरू परिक्षेत्र के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। वन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अलावा संयुक्त वन प्रबंधन समिति के सदस्यों और ग्रामीणा भी मौजूद थे। वन विभाग की ओर से बताया गया कि घर में इमारती लकड़ी छिपाने की सूचना पर वन विभाग की ओर से सर्च वारंट प्राप्त किया गया। इसके आधार पर ग्राम सतरेंगा स्थित छह घरों में दबिश दी गई। यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के आदेश व उप वनमंडलाधिकारी सूर्यकांत सोनी के निर्देशन में संपन्न हुई।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button