कोरबा

सरदार पटेल जयंती वर्ष पर बिलासपुर पुलिस की पहल, छात्र-छात्राओं को कराया गया पुलिस कार्यप्रणाली का शैक्षिक भ्रमण।

बिलासपुर (ट्रैक सिटी)। बिलासपुर में सरदार वल्लभभाई पटेल के जयंती वर्ष के अवसर पर यातायात पुलिस द्वारा एक विशेष पहल करते हुए जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों को थाना यातायात, आईटीएमएस, साइबर थाना, डायल 112 और तारबहार थाना का भ्रमण कराते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली और तकनीकी संसाधनों की विस्तृत जानकारी दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस व्यवस्था से परिचित कराना और उनमें कानून एवं राष्ट्र के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत शहर के प्रमुख स्थल शहीद विनोद चौबे चौक से हुई, जहां छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, उनके पालन और उल्लंघन पर होने वाली कार्रवाई की जानकारी दी गई। इस दौरान ब्रीथ एनालाइजर, पीओएस मशीन, स्पीड रडार गन, व्हील लॉक, इंटरसेप्टर वाहन, सीसीटीवी कैमरे सहित विभिन्न उपकरणों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी कराया गया।

इसके बाद विद्यार्थियों को इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर ले जाया गया, जहां आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम) के संचालन की जानकारी दी गई। छात्रों ने कंट्रोल रूम से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लाइव देखा और कुछ छात्रों ने स्वयं सिस्टम के माध्यम से आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। इस दौरान सीसीटीवी के जरिए हाई स्पीड डिटेक्शन, नंबर प्लेट और फेस रिकग्निशन जैसी तकनीकों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अगले चरण में छात्रों को साइबर थाना का भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें ऑनलाइन फ्रॉड, फेक आईडी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और साइबर अपराध से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही डायल 1930, सीईआईआर पोर्टल और अन्य तकनीकी माध्यमों से ठगी के मामलों में रकम होल्ड और वापस कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

इसके पश्चात छात्र-छात्राओं को तारबहार थाना ले जाया गया, जहां उन्हें पुलिस थानों की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। इस दौरान सीसीटीएनएस एंट्री, एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, आपराधिक रिकॉर्ड, पासपोर्ट वेरिफिकेशन, मालखाना प्रबंधन, गुम मोबाइल ट्रैकिंग और शिकायत निराकरण जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने इस अवसर पर अधिकारियों से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

बिलासपुर पुलिस ने इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को जन जागरूकता अभियान का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया, ताकि वे समाज में कानून के प्रति जागरूकता फैलाने में सहयोग कर सकें। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना विकसित करना और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।

इस अवसर पर एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह, एएसपी ट्रैफिक राम गोपाल करियारे, एएसपी शहर पंकज पटेल, सीएसपी कोतवाली निमितेश सिंह सहित कई अधिकारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button