कोरबा

सुने मकान को चोरों ने बनाया निशाना,10 लाख के जेवरात ले उड़े चोर, मौके पर पहुंची डॉग स्क्वायड और पुलिस।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कोरबा जिले में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने रिटायर्ड एएसआई के सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए गहने बेटी और बेटे की शादी के लिए वर्षों से सहेजकर रखे गए थे। घटना की सूचना मिलती ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएसईबी कॉलोनी का है। रिटायर्ड एएसआई गलेटबिन कुमार ने बताया कि वे परिवार सहित एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने पिथौरा गांव गए हुए थे। घर की देखरेख के लिए उन्होंने पड़ोसी और एक रिश्तेदार को चाबी दी थी। घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब देर रात रिश्तेदार घर में सोने पहुंचा। मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उसके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखने पर पाया गया कि चोरों ने अलमारी तोड़कर उसमें रखे कीमती सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए हैं। चोरी गए जेवरात बेटी और बेटे की शादी के लिए तैयार कर रखे गए थे जिससे परिवार को गहरा सदमा लगा है।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फोरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घर के अंदर और आसपास से अहम साक्ष्य जुटाए जबकि डॉग स्क्वायड ने कॉलोनी और आसपास के इलाके में संदिग्धों की तलाश की।

जानकारी के अनुसार गलेटबिन कुमार 31 दिसंबर को ही सेवानिवृत्त हुए थे। घटना के बाद सीएसईबी कॉलोनी में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा किए जाने का भरोसा दिलाया गया है।

 

 

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button