कोरबा

सूने मकान में अज्ञात चोरों का धावा,ताला तोड़कर चोरी जेवरात व नगदी पार।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ शहर के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत पंडित रविशंकर शुक्ला नगर में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी सहित करीब तीन लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार पंडित रविशंकर शुक्ला नगर निवासी ज्योति चंद्रा एमआईजी-2/113 में रहती हैं। वह कुछ दिनों के लिए अपनी बहन के घर गई हुई थीं, जिससे उनका घर बंद था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाते हुए घर का ताला तोड़ दिया और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात व नगदी पर हाथ साफ कर दिया।

बताया जा रहा है कि सुबह घर में काम करने वाली बाई सफाई करने पहुंची तो उसने देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद उसने तुरंत इसकी जानकारी ज्योति चंद्रा को दी। सूचना मिलने पर उनके रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और मानिकपुर चौकी पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर सोने-चांदी के जेवरात और करीब 5 हजार रुपये नगद समेत लगभग तीन लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए हैं।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button