कोरबा

स्वच्छता महाअभियान का तीसरा दिन: वार्ड 39 और 49 में मेगा सफाई ड्राइव, आयुक्त ने पैदल भ्रमण कर लिया जायजा।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे स्वच्छता महाअभियान के तीसरे दिन वार्ड क्रमांक 39 रिसदा और वार्ड क्रमांक 49 हसदेव क्रमांक 02 में मेगा स्वच्छता ड्राइव संचालित की गई। इस दौरान बस्तियों, मोहल्लों, मुख्य और संपर्क सड़कों, नालियों तथा सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किए गए। नालियों के ऊपर से स्लैब हटाकर गहराई से सफाई, सड़कों के किनारे जमी धूल-मिट्टी और झाड़ियों की सफाई, कचरे का त्वरित उठाव और परिवहन तथा कीटनाशक दवाओं और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया।

महापौर संजु देवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के तहत आयुक्त स्वयं वार्डों में पहुंचे और गली-गली पैदल भ्रमण कर सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की पूरी तरह सफाई सुनिश्चित की जाए और सफाई के दौरान निकलने वाले कचरे का तुरंत उठाव और परिवहन किया जाए। साथ ही सी एंड डी वेस्ट, अतिक्रमण और अवैध कब्जों पर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने घर-घर जाकर रहवासियों से चर्चा की और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए और लोगों से नियमित सफाई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।

इस दौरान कई दुकानों और ठेलों में डस्टबिन नहीं पाए जाने पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित दुकानदारों और ठेला संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखें, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं और प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग न करें। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों के सहयोग से ही कोरबा को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जा सकता है।

नगर निगम के अनुसार स्वच्छता महाअभियान के तहत 28 फरवरी को वार्ड क्रमांक 02 पटेलपारा और वार्ड क्रमांक 03 साकेत नगर में मेगा स्वच्छता ड्राइव चलाकर व्यापक सफाई कार्य किए जाएंगे। अभियान के दौरान अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त पवन वर्मा, कार्यपालन अभियंता, स्वास्थ्य अधिकारी सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button