कोरबा

64 सीसीटीवी कैमरे होने के बावजूद हनुमंत कथा स्थल पर चोरी की कई वारदातें, महिला के गले से सोने की चेन पार।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कोरबा-पश्चिम क्षेत्र के बांकीमोंगरा अंतर्गत ग्राम ढप-ढप में आयोजित पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘दिव्य हनुमंत कथा’ में जहां एक ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, वहीं दूसरी ओर चोर और पॉकेटमार गिरोह के सक्रिय होने से श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल बन गया है। कथा स्थल पर महिलाओं के गले से सोने की चेन पार करने सहित मोबाइल और पर्स चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं।

कथा आयोजन स्थल पर सुरक्षा के मद्देनजर 64 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो पूरे परिसर और प्रवेश द्वारों की निगरानी कर रहे हैं। इसके बावजूद हजारों की भीड़ का फायदा उठाकर बदमाश पलक झपकते ही वारदात को अंजाम दे रहे हैं। भीड़ इतनी अधिक है कि संदिग्धों की पहचान करना भी पुलिस और आयोजकों के लिए चुनौती बन गया है।

स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है। लाउडस्पीकर और बैनरों के माध्यम से लगातार लोगों को सतर्क किया जा रहा है। पुलिस ने अपील की है कि श्रद्धालु अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करें, अजनबियों से सावधान रहें और कथा स्थल पर सोना या अन्य कीमती सामान पहनकर आने से बचें। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने पहुंच रहे हैं। जहां एक ओर ‘जय श्री राम’ और ‘हनुमान जी’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ है, वहीं चोरी की लगातार घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की बात कही जा रही है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में धार्मिक आयोजन का लाभ उठा सकें।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button