कोरबा

कलेक्टर कार्यालय पहुंचे सफाई कर्मचारी, विभिन्न मांगो को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ शहर के शासकीय स्कूलों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से अत्यंत कम मानदेय पर कार्य कर रहे हैं, जिससे परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जिले के लगभग 4330 शासकीय स्कूलों में सफाई कार्य किया जा रहा है, जहां अधिकांश कर्मचारी नियमित नहीं हैं और उन्हें बहुत कम भुगतान मिलता है। वर्तमान में उन्हें 3000 से 3500 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जो महंगाई के दौर में बेहद अपर्याप्त है।

कर्मचारियों ने यह भी बताया कि वर्ष 2023 विधानसभा चुनाव से पूर्व मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इस पर कोई अमल नहीं हुआ है। इससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।

ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने मांग की है कि—

कलेक्टर दर पर वेतन भुगतान किया जाए

लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान किया जाए

सभी सफाई कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए

भविष्य में मजदूरों के हितों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

इस दौरान बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्होंने शासन से शीघ्र न्याय की मांग की।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button