कोरबा

भारी वाहन की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, आरोपी वाहन चालक फरार पुलिस कर रही तलाश।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ मानिकपुर रेलवे कॉलोनी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना पेट्रोल पंप के समीप हुई। हादसे के बाद भारी वाहन चालक वाहन सहित फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 22 वर्षीय गौरव श्रीवास निवासी सीएसईबी कॉलोनी के रूप में हुई है। गौरव पेशे से वीडियोग्राफर था। बताया जा रहा है कि वह होली के अवसर पर मिले एक वीडियोग्राफी ऑर्डर के सिलसिले में चर्चा करने के लिए मुड़ापार की ओर से टीपी नगर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक भारी वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। वाहन का पहिया उसके सिर पर चढ़ जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। पुलिस को घटनास्थल से एक लॉक मोबाइल फोन मिला। युवक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए अंगूठे का निशान लेकर फोन अनलॉक किया गया, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन व मित्र घटनास्थल पर पहुंच गए।

मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

उन्होंने बताया कि नो-एंट्री खुलने के बाद इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है और कई वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उल्लेखनीय है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों को प्रवेश देने के निर्णय का ट्रक एसोसिएशन ने पूर्व में विरोध किया था और संभावित हादसों को लेकर प्रशासन को चेतावनी भी दी थी। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

 

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button