कोरबा (ट्रैक सिटी)। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से विद्यार्थियों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पोड़ी बहार में “सुरक्षित डिजिटल भारत–जागरूक छात्र, सुरक्षित भविष्य” थीम पर साइबर सुरक्षा एवं छात्र कानून जागरूकता कार्यक्रम का प्रभावी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया के खतरों से बचाव, साइबर कानूनों की जानकारी तथा जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में नगर निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। मुख्य वक्ता प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुश्री आस्था शर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक, ओटीपी और बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल उठाए जाने वाले कदमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है और प्रत्येक विद्यार्थी को डिजिटल सुरक्षा के नियमों का पालन करना चाहिए।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने विद्यार्थियों से अनुशासित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी जितनी तकनीक से जुड़ रही है, उतना ही सजग रहना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। वहीं विद्यालय के प्रतिभाशाली एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई तथा उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, अतिथियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा, कानून संबंधी जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश ग्रहण किए। यह आयोजन न केवल डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को भी मजबूत करने वाला साबित हुआ।
Leave a Reply

