रायगढ़

साइबर जागरूकता लघु फिल्म प्रतियोगिता की तारीख बढ़ी, अब 29 सितंबर तक मौका

रायगढ़/कोरबा (ट्रैक सिटी)। रायगढ़ पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति नागरिकों, विशेषकर युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित “साइबर जागृति अभियान” लघु फिल्म प्रतियोगिता में वीडियो जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब प्रतिभागी 29 सितंबर 2026 तक अपनी फिल्म जमा कर सकेंगे। प्रतियोगिता के परिणाम 3 अक्टूबर 2026 को रायगढ़ नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में घोषित किए जाएंगे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में युवाओं की बढ़ती रुचि और अतिरिक्त समय देने के आग्रह को देखते हुए अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। प्रतिभागी अपनी तैयार फिल्म को Google Drive या किसी अन्य विश्वसनीय फाइल-होस्टिंग प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर उसका सक्रिय एवं सार्वजनिक रूप से देखने योग्य लिंक जमा कर सकते हैं। प्रतियोगिता के अन्य नियम एवं शर्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मोबाइल से बनाई फिल्म भी होगी स्वीकार
प्रतियोगिता में देश-दुनिया के किसी भी स्थान से प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं। खास बात यह है कि मोबाइल फोन से बनाई गई फिल्मों को भी स्वीकार किया जाएगा और ऐसे रचनात्मक प्रयासों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। वीडियो क्रिएटर्स, इंफ्लुएंसर्स, मीडिया एवं फिल्म निर्माण में रुचि रखने वाले युवाओं में प्रतियोगिता को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
प्रतियोगिता का उद्देश्य रचनात्मक फिल्मों और प्रभावशाली कहानियों के माध्यम से साइबर अपराध के तरीके, चेतावनी संकेत, संभावित दुष्परिणाम, बचाव के उपाय और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है। अभियान में रोटरी क्लब रायगढ़ एवं अन्य संस्थानों का सहयोग रहेगा, जबकि प्रतियोगिता का प्रबंधन Take 3 Studios द्वारा किया जाएगा।
इन साइबर अपराधों पर बना सकते हैं फिल्म
प्रतिभागी हिंदी, अंग्रेजी अथवा छत्तीसगढ़ी भाषा में साइबर अथवा डिजिटल अपराध से संबंधित विषय पर फिल्म बना सकते हैं। इनमें डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस/CBI/कस्टम/बैंक अधिकारी बनकर ठगी, हनीट्रैप, सेक्सटॉर्शन, ब्लैकमेल, OTP-UPI-QR कोड एवं कार्ड फ्रॉड, फिशिंग, फर्जी SMS एवं लिंक, APK और अनजान एप के जरिए ठगी, स्क्रीन शेयरिंग, रिमोट एक्सेस, पहचान की चोरी, SIM स्वैप, सोशल मीडिया अकाउंट टेकओवर, साइबर बुलिंग, साइबर स्टॉकिंग, डीपफेक, मॉर्फिंग, फर्जी निवेश एवं ट्रेडिंग, क्रिप्टोकरेंसी फ्रॉड, फर्जी नौकरी, टास्क एवं लोन एप घोटाले, ई-कॉमर्स व कस्टमर केयर फ्रॉड, महिलाओं एवं बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा, डेटा चोरी, रैनसमवेयर, फेक न्यूज और डिजिटल गोपनीयता जैसे विषय शामिल हैं।
प्रतिभागियों से अपेक्षा की गई है कि फिल्म में केवल अपराध की घटना न दिखाई जाए, बल्कि उसके चेतावनी संकेत, बचाव के उपाय और सुरक्षित रिपोर्टिंग की जानकारी भी प्रभावी तरीके से प्रस्तुत की जाए।
दो श्रेणियों में होगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता दो श्रेणियों में आयोजित की जा रही है। श्रेणी ‘अ’ में 3 से 6 मिनट की फिल्में शामिल होंगी। इसमें प्रथम पुरस्कार ₹1 लाख, द्वितीय ₹75 हजार और तृतीय पुरस्कार ₹50 हजार रखा गया है।
वहीं श्रेणी ‘ब’ में अधिकतम 3 मिनट की फिल्म या रील प्रस्तुत की जा सकती है। इस श्रेणी में प्रथम पुरस्कार ₹75 हजार, द्वितीय ₹50 हजार और तृतीय पुरस्कार ₹25 हजार निर्धारित है। दोनों श्रेणियों में कुल ₹3.75 लाख तक के पुरस्कार दिए जाएंगे।
महत्वपूर्ण तिथियां
प्रविष्टि जमा करने की अंतिम तिथि: 29 सितंबर 2026
परिणाम की घोषणा: 3 अक्टूबर 2026
परिणाम स्थल: नगर निगम ऑडिटोरियम, रायगढ़
प्रतियोगिता में प्रस्तुत फिल्म मौलिक होना आवश्यक है। फिल्म में उपयोग किए गए संगीत, दृश्य, चित्र एवं अन्य सामग्री के आवश्यक अधिकार प्रतिभागी के पास होना अनिवार्य है। संवेदनशील मामलों में पीड़ित की पहचान एवं निजी जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम होगा। चयनित फिल्मों का उपयोग रायगढ़ पुलिस द्वारा जन-जागरूकता एवं सोशल मीडिया प्रचार-प्रसार के लिए किया जा सकता है।
प्रतियोगिता में भाग लेने और विस्तृत जानकारी के लिए filmotsav.org पर संपर्क किया जा सकता है। संपर्क नंबर 8817420420 तथा ईमेल contact@filmotsav.org है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button