कोरबा (ट्रैक सिटी)/ बालको प्लांट में कॉपर केबल चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चोरी का अनोखा तरीका अपनाते हुए तांबे के तार को कमर से छाती तक अपने शरीर में लपेट लिया था और ऊपर से कपड़े पहनकर प्लांट से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, प्रोजेक्ट गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्डों की सतर्कता से उनकी योजना नाकाम हो गई। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 49.280 किलोग्राम कॉपर केबल सहित चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना 15 नवंबर की रात 10 बजे से 16 नवंबर की सुबह 5 बजे के बीच की है। बालको प्लांट के CH-04 के सामने खुले में रखे केबल ड्रम से कॉपर वायर काटकर चोरी की गई थी। मामले में पथरीपारा निवासी भीम मल्लाह (23) और भटगांव उपरपारा निवासी नरेश कुमार कंवर (21) की संलिप्तता सामने आई है। आरोप है कि दोनों ने पहले केबल का प्लास्टिक कवर छीलकर तांबे के तार को अलग किया। इसके बाद तार को अपने शरीर में कमर से छाती तक लपेट लिया और ऊपर से कपड़े पहनकर बाहर निकलने लगे। इसी दौरान सिक्योरिटी गार्ड संदीप श्रीवास्तव और मुकेश बरेठ ने उनकी गतिविधियों पर संदेह होने पर जांच की और दोनों को पकड़ लिया।
49.280 किलो तार की कीमत 49,280 रुपये- शिकायतकर्ता मनीष विश्वास की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपियों से बरामद कॉपर केबल का इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराने पर 49.280 किलोग्राम पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत 49,280 रुपये बताई गई है। चोरी की गई केबल AIFL कंपनी की है। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से केबल का कटा हुआ हिस्सा और पास की इमारत की छत से छिले हुए प्लास्टिक कवर भी बरामद किए। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मिलकर चोरी की योजना बनाने और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उनके कब्जे से चोरी का कॉपर वायर, कटर और हेक्सा ब्लेड जब्त किए गए हैं।
रविवार को कर्मचारियों की छुट्टी का उठाना चाहते थे फायदा- पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रविवार को अधिकांश कर्मचारियों के अवकाश पर रहने की संभावना को देखते हुए उन्होंने चोरी की योजना बनाई थी। आरोप है कि ड्यूटी नहीं होने के बावजूद गेट पास कार्ड के जरिए प्लांट में प्रवेश किया और सुनसान स्थान देखकर केबल काट ली। इसके बाद तार को शरीर में छिपाकर बाहर निकलने की कोशिश की।मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पूर्व नियोजित तरीके से चोरी किए जाने के तथ्य सामने आने पर धारा 61(2) भी जोड़ी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
