कोरबा(ट्रैक सिटी)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को आयुष मेडिकल एसोसिएशन, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, भारत विकास परिषद एवं आरोग्य भारती कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में निहारिका रोड स्थित पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय में वृहद निशुल्क आयुर्वेद, एक्यूप्रेशर चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का शुभारंभ संस्थान के संस्थापक नाड़ी वैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा सहित चिकित्सकों एवं शिविरार्थियों ने भारत माता और भगवान धन्वंतरि के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस दौरान पंडित शिव कुमार शर्मा ने स्वस्थ मन और शरीर के लिए भोजन में संतुलन को आवश्यक बताते हुए हितभुक, मितभुक और ऋतुभुक आहार के महत्व की जानकारी दी।
शिविर में एक्यूप्रेशर थेरेपिस्ट पिंकी बरेठ ने विभिन्न एक्यूप्रेशर पॉइंट्स के माध्यम से उपचार एवं उससे संबंधित जानकारी दी। मरीजों को निशुल्क औषधि, चिकित्सा परामर्श और उपचार के साथ शुगर, हीमोग्लोबिन एवं ब्लड ग्रुप की जांच की सुविधा भी दी गई। रोगानुसार योग-प्राणायाम का व्यक्तिगत प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
मधुमेह, ब्लड प्रेशर, दमा, बवासीर, माइग्रेन, पथरी, वात-कफ-पित्त संबंधी रोग, चर्मरोग सहित विभिन्न नए-पुराने रोगों से पीड़ित 135 मरीजों ने शिविर का लाभ लिया। मरीजों ने निशुल्क चिकित्सा सुविधा के लिए आयोजकों एवं चिकित्सकों के प्रति आभार जताया।
शिविर में नाड़ी वैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा, नाड़ी वैद्या डॉ. वागेश्वरी शर्मा, नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा एवं पंचकर्म थेरेपिस्ट पिंकी बरेठ ने सेवाएं प्रदान कीं। आयोजन को सफल बनाने में लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

