बिलासपुर

चलती बस में झपटमारी करने वाले 9 आरोपी गिरफ्तार

रतनपुर पुलिस की कार्रवाई, 7 महिलाएं और 2 पुरुष पकड़े गए; 8 हजार रुपये जब्त

रतनपुर/कोरबा(ट्रैक सिटी)। रतनपुर पुलिस ने चलती बस में महिला के गले से सोने की चेन झपटने के मामले में 7 महिलाओं सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कई पूर्व में भी उठाईगिरी और झपटमारी के मामलों में जेल जा चुके हैं। मामले में संगठित तरीके से अपराध करने के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक, बांकीमोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान ने 11 अगस्त 2026 को थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2 अगस्त को वह अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ बिलासपुर गए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों नेहरू चौक बिलासपुर से बस में सवार होकर बांकीमोंगरा लौट रहे थे। गीता प्रधान के गले में सोने की चेन थी।
महामाया चौक बिलासपुर के पास कुछ महिलाएं भी बस में सवार हुईं। बस में भीड़ होने के कारण प्रार्थी और उसकी पत्नी को सीट नहीं मिली और दोनों खड़े होकर यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान महिलाओं ने धक्का-मुक्की करते हुए गीता प्रधान को अपने बीच दबा लिया। कुछ देर बाद महिलाएं शनिचरी चौक रतनपुर के पास बस से उतर गईं। बस खाली होने के बाद जब गीता प्रधान को सीट मिली और उन्होंने अपने गले की चेन देखी तो वह गायब थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शनिचरी चौक रतनपुर और महामाया चौक बिलासपुर क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध महिलाओं की पहचान कोनकोना, थाना बांगो क्षेत्र की निवासी के रूप में की गई। इसके बाद रतनपुर पुलिस टीम ने कोनकोना में घेराबंदी कर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर एकजुट होकर बस में महिला के गले से चेन झपटने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, चुराई गई चेन को उनके गिरोह की एक अन्य महिला सुरतनी गिरी निवासी रामनगर, थाना कुसमी को 20 हजार रुपये में देना बताया गया। आरोपियों ने चेन की रकम में से 12 हजार रुपये खर्च कर दिए जाने की जानकारी दी, जबकि पुलिस ने उनके कब्जे से 8 हजार रुपये बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपियों में अंजली गिरी, लोहारिन बाई, सुनीता गिरी, रामबाई, प्रिती गिरी, शिवानी, देवी गिरी, नरेश गिरी और राम गिरी शामिल हैं। सभी आरोपी कोनकोना ठिहईभाठा, थाना बांगो, जिला कोरबा के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने सभी 9 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में फरार बताई जा रही सुरतनी गिरी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक अखिलेश पारकर, मोरध्वज चन्द्रा और महिला आरक्षक अंजेला खलखो का विशेष योगदान रहा।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button