कोरबा (ट्रैक सिटी)। साइबर अपराधों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा जिलेभर में चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत रविवार को शहर के पॉम मॉल सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों और छात्रावासों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में पुलिस टीम ने नागरिकों और छात्र-छात्राओं को साइबर फ्रॉड, UPI फ्रॉड, बैंकिंग ठगी सहित ऑनलाइन अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के निर्देशन में 23 अगस्त को थाना कोतवाली, बालको, दर्री, दीपका, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन, पाली, बांगो, रजगामार, चैतमा सहित अन्य थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र के पॉम मॉल, पाली के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कटघोरा के ग्राम घड़ीपकना, दीपका के ग्राम झाबर, बांकीमोंगरा के मैगजीन ग्राउंड, दर्री के भवानी बाजार एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों समेत करतला, रजगामार, हरदीबाजार, चैतमा, पसान, बांगो और मोरगा क्षेत्र में भी पुलिस टीमों ने लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस ने समझाइश दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, UPI PIN, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने, फर्जी कॉल का जवाब देने और संदिग्ध वेबसाइट पर बैंकिंग जानकारी दर्ज करने से बचने की अपील की गई।
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें अथवा cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराएं। पुलिस के अनुसार, समय पर शिकायत किए जाने से ठगी की रकम को रोकने में मदद मिल सकती है।
पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, सतर्क रहने और साइबर अपराधों के प्रति स्वयं जागरूक होने के साथ दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की है।

