कोरबा (ट्रैक सिटी)/ थाना सिटी कोतवाली परिसर, कोरबा में नवीन थाना भवन का लोकार्पण एवं ई-मालखाना का उद्घाटन गरिमामय समारोह में किया गया। कार्यक्रम में माननीय उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन जी एवं पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग जी वर्चुअल माध्यम से जुड़े तथा उनके द्वारा नवीन थाना भवन का वर्चुअल लोकार्पण किया गया।
*1995 में निर्मित पुराने भवन के स्थान पर तैयार हुआ नवीन थाना भवन*
थाना सिटी कोतवाली का पुराना भवन वर्ष 1995 में निर्मित किया गया था। लगभग 31 वर्षों तक सेवाएं देने के पश्चात भवन की पुरानी संरचना एवं वर्तमान पुलिसिंग की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नवीन थाना भवन का निर्माण कराया गया है। नवीन भवन का निर्माण छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के सहयोग से किया गया है।नवीन थाना भवन में आधुनिक पुलिसिंग की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर कार्य वातावरण एवं आवश्यक सुविधाओं का समावेश किया गया है, जिससे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य करने में सुविधा मिलेगी तथा आम नागरिकों को भी बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
*उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन जी एवं आई जी राम गोपाल गर्ग जी ने किया नवीन थाना भवन का वर्चुअल लोकार्पण*
लोकार्पण के दौरान माननीय उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन जी ने कहा कि नवीन थाना भवन एवं ई-मालखाना से पुलिस को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा तथा तकनीक आधारित व्यवस्था से पुलिसिंग में और अधिक सुविधा एवं पारदर्शिता आएगी।आईजी बिलासपुर राम गोपाल गर्ग जी ने कहा कि आधुनिक अधोसंरचना एवं ई-मालखाना जैसी तकनीकी व्यवस्थाएं पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
*ई-मालखाना से जप्त माल के सुरक्षित एवं व्यवस्थित संधारण में मिलेगी सुविधा*
थाना सिटी कोतवाली में ई-मालखाना की व्यवस्था को भी आधुनिक स्वरूप प्रदान किया गया है। मालखाने में रखे प्रकरणों से संबंधित माल-मशरूका का कंप्यूटर सॉफ्टवेयर के माध्यम से डिजिटलीकरण एवं रिकॉर्ड अपडेट किया गया है।पूर्व में पुराने प्रकरणों के माल-मशरूका को लंबे समय बाद तलाश करने में कठिनाई होती थी। इस समस्या को दूर करने के लिए मालखाने में रखे सामान को सुव्यवस्थित तरीके से क्रमबद्ध किया गया है तथा प्रत्येक माल की आवश्यक मार्किंग एवं पहचान सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही सॉफ्टवेयर में उसका रिकॉर्ड उपलब्ध रहने से आवश्यकता पड़ने पर संबंधित माल को आसानी से खोजा जा सकेगा।इस व्यवस्था से जप्त माल-मशरूका के सुरक्षित संधारण, त्वरित खोज, रिकॉर्ड के बेहतर प्रबंधन एवं पारदर्शिता में सुविधा प्राप्त होगी तथा विवेचना एवं न्यायालयीन कार्यवाही के दौरान आवश्यकतानुसार माल उपलब्ध कराने में भी सहूलियत होगी।
*जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति*
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधिगण, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं थाना सिटी कोतवाली का स्टाफ उपस्थित रहा।
*सजग कोरबा, सतर्क कोरबा*

