कोरबा

बांकी मोगरा में मोबाइल दुकान में दूसरी बार चोरी, 50-60 हजार का सामान पार

छत का पैराफिट तोड़कर दुकान में घुसे चोर, पिछली वारदात का भी नहीं मिला सुराग

बांकीमोगरा(ट्रैक सिटी)। क्षेत्र में चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। थाना बांकी मोगरा अंतर्गत 4 नंबर मेन रोड स्थित दीप्ति मोबाइल शॉप को अज्ञात चोरों ने दूसरी बार निशाना बनाया। चोर दुकान की छत का पैराफिट तोड़कर अंदर घुसे और डीजे सिस्टम, आईपी कैमरा, डीवीआर की हार्ड डिस्क सहित करीब 50 से 60 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए। एक ही दुकान में दोबारा चोरी की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक सरवन साहू बुधवार सुबह करीब 9 बजे दुकान खोलने पहुंचे। इस दौरान छत के ऊपरी हिस्से में लगा टीन खुला मिला। अंदर जाकर जांच करने पर चोरी का पता चला। चोर दुकान से विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान लेकर फरार हो चुके थे।

पिछली चोरी का खुलासा नहीं, फिर वारदात

बताया जा रहा है कि दीप्ति मोबाइल शॉप में पहले भी चोरी हो चुकी है, लेकिन पिछली घटना में आरोपियों का सुराग नहीं मिल सका। अब दोबारा उसी दुकान को निशाना बनाए जाने से स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा की चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि पूर्व में चोरी की घटना के बाद भी चोरों ने फिर वारदात को कैसे अंजाम दे दिया।

मौके पर मिले लोहे के औजार

घटनास्थल पर हंसिया और एल-आकार का लोहे का औजार मिलने की जानकारी सामने आई है। आशंका है कि चोरी के दौरान इनका इस्तेमाल किया गया होगा। हालांकि, औजारों का वारदात से संबंध जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

अपराध दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलने पर बांकी मोगरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। दुकान संचालक की शिकायत पर अपराध क्रमांक 211/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।

अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की चुनौती है। पिछली वारदात का सुराग नहीं मिलने के बीच ताजा घटना ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र के व्यापारियों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द मामले का खुलासा कर सुरक्षा के प्रति भरोसा बहाल करेगी।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button