कोरबा

जिला जेल में बंदियों के साथ मनाया गया उल्लास नवभारत साक्षरता नवरात्रि पर्व

माता के जसगीतों से भक्तिमय हुआ माहौल, साक्षरता अभियान में बंदियों की सहभागिता को मिला सम्मान

कोरबा (ट्रैक सिटी)। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 17 अक्टूबर 2026 को जिला जेल कोरबा में बंदियों के साथ नवरात्रि पर्व भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी कोरबा जितेन्द्र साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में माता रानी के विभिन्न स्वरूपों की आराधना की गई तथा जसगीतों के माध्यम से बंदियों के सुख, शांति और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की गई।

नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि की विशेष पूजा-अर्चना के अवसर पर माता के विभिन्न स्वरूपों को समर्पित जसगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने भक्ति संगीत के माध्यम से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। जिला जेल में निरुद्ध विचाराधीन बंदियों ने भी इस कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए भक्तिमय प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

साक्षरता अभियान में बंदियों की सक्रिय भागीदारी

उल्लेखनीय है कि गत 27 सितंबर को जिला जेल कोरबा में आयोजित उल्लास नवभारत साक्षरता परीक्षा में 27 बंदियों ने भाग लिया था। जिला जेल द्वारा जिला साक्षरता मिशन की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई गई। इसके लिए जिला जेल अधीक्षक साहू को कलेक्टर कुणाल दुदावत के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया।

कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुति

कार्यक्रम में माता जसगीत कला जत्था के माध्यम से कृष्णानंद चौहान, शिक्षक रजगामार ने विशेष सहयोग देते हुए आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं सत्यनारायण मनहर, विकासखंड परियोजना अधिकारी ने माता जसगीत गायन एवं वादन के माध्यम से कार्यक्रम को विशेष रंग प्रदान किया। प्रधान पाठक रामकपूर कुर्रे सहित अन्य साथी कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों को भावविभोर किया।

इस आयोजन में जिला परियोजना अधिकारी, साक्षरता प्राधिकरण मिशन, ज्योति शर्मा का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। कार्यक्रम के माध्यम से बंदियों को साक्षरता, शिक्षा और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ ही सकारात्मक सोच, आध्यात्मिक जुड़ाव और सामाजिक मुख्यधारा में लौटने की प्रेरणा देने का प्रयास किया गया।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button