कोरबा

जोड़ा पुल के पास ओवरबर्डन की मिट्टी बनी आफत, बस और कार फंसी

कोरबा (ट्रैक सिटी)। शनिवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच कोरबा के कनबेरी सर्वमंगला मंदिर के पीछे जोड़ा पुल के पास स्थित डंपिंग यार्ड से ओवरबर्डन की मिट्टी बहकर सड़क पर आ गई। भारी मात्रा में मिट्टी सड़क पर जमा होने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
लगातार तेज बारिश के कारण डंपिंग यार्ड में मिट्टी का कटाव हुआ और बारिश के पानी के तेज बहाव के साथ ओवरबर्डन की मिट्टी सीधे सड़क पर पहुंच गई। अचानक सड़क पर मिट्टी और कीचड़ जमा होने से वहां से गुजर रही एक सवारी बस और एक कार फंस गई।
बारिश ने बढ़ाई परेशानी
सुबह से लगातार हो रही बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वहीं जोड़ा पुल के पास ओवरबर्डन की मिट्टी सड़क पर आने से स्थिति और गंभीर हो गई है। सड़क पर पानी, कीचड़ और मिट्टी जमा होने के कारण वाहन चालकों को आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है।
बड़ा हादसा टलने की जरूरत
जिस समय मिट्टी सड़क पर बहकर आई, उसी दौरान वहां से यात्री बस और कार गुजर रही थी, जो मिट्टी में फंस गईं। लगातार बारिश के बीच यदि और मिट्टी सड़क पर आती है तो आवागमन पूरी तरह बाधित होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बढ़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर सड़क से ओवरबर्डन की मिट्टी हटाने, फंसे वाहनों को सुरक्षित निकालने और डंपिंग यार्ड में हो रहे मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए स्थायी इंतजाम करने की मांग की है।
फिलहाल तेज बारिश के बीच जोड़ा पुल क्षेत्र में सड़क पर आई ओवरबर्डन की मिट्टी लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। अब सवाल यह है कि बारिश के दौरान डंपिंग यार्ड से मिट्टी सड़क तक पहुंचने की स्थिति को रोकने के लिए जिम्मेदार विभाग ने पहले से क्या इंतजाम किए थे?

 

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button