कोरबा (ट्रैक सिटी) जिले में एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद गाड़ी लेकर कथित आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार मृतक का नाम शिव यादव (27) है। वह जांजगीर-चापा जिले के ग्राम चारापारा सोनाईडीह का रहने वाला था। कटघोरा में अपनी पत्नी और ढाई साल की बेटी के साथ किराए के मकान पर रहता था। कटघोरा के एक निजी लैब में टेक्नीशियन का काम करता था। एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई।
राहगीरों ने दी पुलिस को जानकारी
बताया जा रहा है कि रात में काम कर वह अपने घर लौट रहा था। इस दौरान कटघोरा मुख्य मार्ग पर हादसे का शिकार हो गया। इस दौरान राहगीरों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया है। शिव यादव कमाऊ पुत्र था और उसका एक बड़ा भाई बांकी मोंगरा में रहता है। इस घटना के बाद परिजनों का हाल बेहाल है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा वर्मा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। हादसा कब और कैसी हुआ है, इसकी जांच की जा रही है। सबसे अधिक हादसे कटघोरा के राष्ट्रीय राजमार्ग पर हो रहे हैं, जिसका मुख्य कारण तेज रफ्तार और बिना हेलमेट के वाहन चलाने के कारण मौत हो रही है।

