कोरबा

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने ली समय-सीमा बैठक, विभागीय कार्यो की हुई गहन समीक्षा।

उचित मूल्य दुकानों में समय पर खाद्यान्न भंडारण और सुव्यवस्थित राशन वितरण के दिए निर्देश।

*स्वास्थ्य शिविरों के साथ घर-घर पहुंचकर आयुष्मान, वय वंदन कार्ड और आभा आईडी बनाने हेतु किया निर्देशित*

*पीवीटीजी बसाहटों में पीएम जनमन योजना के लक्षित परियोजनाओं की समयबद्ध पूर्णता हेतु किया निर्देशित*

*पंचायतों में स्वीकृत नए आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश*

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की और उनके बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक अवश्य पहुंचे तथा आपसी समन्वय के साथ तय लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए।

कलेक्टर ने जिले में मार्च माह के खाद्यान्न भंडारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए खाद्य अधिकारी को सभी उचित मूल्य दुकानों में समय पर पर्याप्त राशन भण्डारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में राशन का वितरण पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से कराने की बात कही। जिससे हितग्राहियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। कलेक्टर ने राशन वितरण में अनियमितता करने वाले उचित मूल्य दुकानों की तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया। बैठक के दौरान उन्होंने उपार्जन समितियों में भंडारित धान के उठाव की जानकारी ली और प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस संबंध में मिलर्स की बैठक आयोजित करने तथा जारी मांग पत्र के अनुरूप कम उठाव करने वाले मिलर्स को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर दुदावत ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए जा रहे शिविरों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों के साथ-साथ घर-घर जाकर भी छूटे हुए हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड तथा आभा आईडी का शत-प्रतिशत निर्माण सुनिश्चित किया जाए। इस हेतु उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिकलसेल, गैर-संचारी रोगों, डायबिटीज और हाइपरटेंशन की व्यापक जांच कर शत-प्रतिशत परीक्षण सुनिश्चित करने की बात कही। साथ ही सभी पंचायतों में छूटे हुए हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें निर्धारित योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

उन्होंने पंचायतों में स्वीकृत नए आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण स्थिति की समीक्षा करते हुए पूर्ण, प्रगतिरत एवं अप्रारंभ कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने प्रगतिरत निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने तथा अप्रारंभ कार्यों को जल्द से जल्द प्रारंभ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को रेडी-टू-ईट उत्पादन इकाइयों में शीघ्र उत्पादन शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जिले में सोलर पैनल स्थापना में तेजी से प्रगति लाने के निर्देश दिए। इस हेतु विभागीय अधिकारियों को वेंडर्स की नियमित बैठक लेने, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर उन्हें योजना से जोड़ने तथा स्वीकृत प्रकरणों में शीघ्र सोलर पैनल स्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने पीएम जनमन योजना अंतर्गत पीवीटीजी बसाहटों में स्वीकृत आवास, सड़कों, नए आंगनवाड़ी भवनों, पुल-पुलियों सहित अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित क्रियान्वयन इकाइयों को निविदा प्रक्रिया एवं वर्क ऑर्डर जारी करने में तेजी लाने तथा सभी कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाउसिंग बोर्ड को निर्माणाधीन शिक्षक आवास और छात्रावास भवनों के निर्माण कार्य में भी गति लाकर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया।

उन्होंने जल संचयन जन भागीदारी योजना के तहत जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को जनभागीदारी के माध्यम से प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने और अधिक से अधिक संरचनाओं का निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने विभागों के समय सीमा के लंबित आवेदनों, मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीजीएन जनशिकायत एवं कलेक्टर जनदर्शन के सभी लंबित प्रकरणों का गम्भीरता से परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने निर्देशित किया।

बैठक में निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी तरुण कुमार किरण, कटघोरा एसडीएम तन्मय खन्ना, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित सभी एसडीएम, जनपद सीईओ, नगरीय निकाय सीएमओ एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button