कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोरबा जिले के कुदमुरा जंगल में उस वक्त ग्रामीणों की सांसें थम गईं, जब ट्रैक्टर से सफर कर रहे ग्रामीणों के सामने अचानक एक विशालकाय हाथी आ पहुंचा। हाथी को सामने देखकर ट्रैक्टर में सवार ग्रामीणों के बीच हड़कंप मच गया। कुछ देर के लिए उनकी जान आफत में पड़ गई।
बताया जा रहा है कि हाथी ने ट्रैक्टर को निशाना बनाते हुए उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान ट्रैक्टर के इंजन की तेज आवाज और ग्रामीणों के शोर-शराबे से हाथी घबरा गया और वापस जंगल की ओर भाग निकला।
हाथी के जंगल की ओर लौटने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि इस पूरी घटना में किसी ग्रामीण के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन ट्रैक्टर को नुकसान पहुंचा है।
गौरतलब है कि कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्रों में हाथियों की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों को लगातार खतरे का सामना करना पड़ रहा है। जंगल के रास्तों से आवागमन करने वाले ग्रामीणों में अब हाथियों का भय बना हुआ है। ऐसे में वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों को सतर्क करने की जरूरत है।
