कोरबा

कोरबा के दर्री सीपेट में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 250 विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की दी गई जानकारी।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ जिले के दर्री स्थित सीपेट संस्थान में आज यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम में यातायात विभाग से टीआई तेज यादव, हेड कांस्टेबल मेहमान कुर्रे, गीतेश देवांगन, दिव्य गजेंद्रपाल एवं कमलेश उपस्थित रहे। वहीं सीपेट संस्थान के प्रिंसिपल देवेश मेश्राम, आनंद सर सहित संस्थान के अन्य शिक्षक एवं लगभग 250 विद्यार्थी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस दौरान यातायात अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की सलाह दी। अधिकारियों ने बताया कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए हर व्यक्ति को यातायात नियमों का गंभीरता से पालन करना चाहिए।

टीआई तेज यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा वर्ग यदि अभी से यातायात नियमों को अपनी आदत में शामिल कर ले, तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात संकेतों, सड़क पर सुरक्षित व्यवहार और दुर्घटनाओं से बचाव के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लेते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे और नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग देने की शपथ दिलाई गई। यह जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी और प्रेरणादायक साबित हुआ।

 

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button