कोरबा

कोरबा जिला जेल में नवरात्र की धूम: मां आदिशक्ति की विशेष पूजा, उपवासियों के लिए फलाहार व्यवस्था।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ चैत्र नवरात्रि के अवसर पर कोरबा जिला जेल में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। नवरात्र के प्रथम दिवस से ही मां आदिशक्ति दुर्गा की विशेष पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया है, जो पूरे नौ दिनों तक जारी रहेगा। जेल परिसर में महिला और पुरुष बंदी श्रद्धा के साथ पूजा में शामिल हो रहे हैं।

जेल प्रशासन द्वारा उपवास रखने वाले बंदियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। निर्धारित मेनू के अनुसार फलाहार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें दूध, फल, साबूदाना और आलू से बने व्यंजन शामिल हैं। यह भोजन तय समय पर उपवासियों को दिया जा रहा है।

जिला जेल में लगभग 200 महिला एवं पुरुष बंदी निरुद्ध हैं। इनमें से दो महिला और चार पुरुष बंदियों ने नवरात्र उपवास रखने का प्रस्ताव दिया था। प्रशासन द्वारा मेडिकल जांच के बाद उन्हें उपवास की अनुमति प्रदान की गई है।

जिला जेल प्रभारी अमितेश साहू ने बताया कि शासन की गाइडलाइन के अनुरूप उपवास रखने वाले बंदियों के लिए अलग से व्यवस्थाएं की गई हैं। पूजा-अर्चना के लिए भी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इसी तरह कटघोरा उपजेल में भी नवरात्र को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां भी उपवास रखने वाले बंदियों के लिए फलाहार एवं पूजा की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। नवरात्र के दौरान जेल में आस्था और भक्ति का विशेष वातावरण देखने को मिल रहा है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button