Uncategorized

डिज्नीलैंड मेले में मारपीट के वायरल वीडियो की सच्चाई आई सामने

अधिक बार झूला झूलने की मांग पर शुरू हुआ विवाद, मेला प्रबंधन ने दंपति पर लगाए मारपीट और गाली-गलौज के आरोप

 

कोरबा (ट्रैक सिटी)। शहर के बुधवारी क्षेत्र में लगे डिज्नीलैंड मेले में मारपीट का वायरल वीडियो सामने आने के बाद अब मामले में नया मोड़ आ गया है। मेला प्रबंधन ने दावा किया है कि वायरल वीडियो में घटना का केवल एक हिस्सा दिखाया गया है, जबकि विवाद की शुरुआत दंपति की ओर से हुई थी।

मेला मैनेजर ने बताया कि 7 मई की रात एक पति-पत्नी अपने साथियों के साथ मेले में घूमने पहुंचे थे। इस दौरान वे एक बड़े झूले में बैठे और निर्धारित समय पूरा होने के बाद भी अधिक देर तक झूला झूलने की मांग करने लगे। कर्मचारियों द्वारा नियमों का हवाला देकर मना करने पर दंपति ने कथित रूप से कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

मेला प्रबंधन के अनुसार विवाद बढ़ने पर दंपति ने कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी की। इसी बीच मेले में मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद दंपति के अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए और मेले में घुसकर एक कर्मचारी के साथ जमकर मारपीट कर दी। इस दौरान मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। हालांकि वायरल वीडियो में केवल कर्मचारियों द्वारा की गई मारपीट का हिस्सा दिखाई दे रहा है, जबकि मेला प्रबंधन का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच होने पर वास्तविक स्थिति सामने आएगी।

मेला मैनेजर ने कहा कि मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है, लेकिन कुछ लोग नियमों का उल्लंघन कर कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हैं, जिससे ऐसी स्थिति बन जाती है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो सहित दोनों पक्षों के बयान के आधार पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button