ओंकार यादव को कोरबा एसडीएम की जिम्मेदारी, तुलाराम भारद्वाज पाली और रेणुका रात्रे पोड़ी उपरोड़ा भेजीं गईं; छह तहसीलदारों के प्रभार में भी बदलाव
कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। कलेक्टर द्वारा जारी दो अलग-अलग आदेशों के तहत जिले के चार राजस्व अधिकारियों की नवीन पदस्थापना की गई है। इसके साथ ही छह तहसीलदारों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। इन आदेशों के बाद जिले के विभिन्न अनुविभागों और तहसीलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का नए सिरे से निर्धारण किया गया है। जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
चार राजस्व अधिकारियों की नवीन पदस्थापना
कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रवर श्रेणी अधिकारी ओंकार यादव को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी कोरबा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं संयुक्त कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी पाली के पद पर पदस्थ किया गया है।
इसी क्रम में डिप्टी कलेक्टर सुश्री रेणुका रात्रे को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी पोड़ी उपरोड़ा बनाया गया है। वहीं संयुक्त कलेक्टर मनोज कुमार बंजारे को पोड़ी उपरोड़ा से हटाकर जिला कार्यालय कोरबा में पदस्थ किया गया है।
बताया गया है कि ओंकार यादव और तुलाराम भारद्वाज वर्तमान में जिला कार्यालय कोरबा में पदस्थ थे। वहीं सुश्री रेणुका रात्रे जिला कार्यालय कोरबा में अपनी सेवाएं दे रही थीं, जिन्हें अब पोड़ी उपरोड़ा की जिम्मेदारी दी गई है।
छह तहसीलदारों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव
राजस्व अधिकारियों की पदस्थापना के साथ ही कलेक्टर ने जिले में पदस्थ छह तहसीलदारों की अस्थायी पदस्थापना के आदेश भी जारी किए हैं। यह आदेश आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगा।
जारी आदेश के अनुसार दीपका तहसील में पदस्थ तहसीलदार अभिजीत राजभानू को हरदीबाजार तहसील की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पसान तहसील कार्यालय में पदस्थ विरेंद्र कुमार श्याम को पाली तहसीलदार बनाया गया है।
इसी तरह अजगरबहार में पदस्थ तहसीलदार रविशंकर राठौर को दीपका तहसील में नवीन पदस्थापना दी गई है। वहीं पोड़ी उपरोड़ा में पदस्थ तहसीलदार विनय देवांगन को पसान तहसील भेजा गया है।
इसके अलावा स्थानांतरण के बाद जिले में उपस्थित तहसीलदार उमेश्वर सिंह बाज को पोड़ी उपरोड़ा का तहसीलदार नियुक्त किया गया है। वहीं श्रीमती सिद्धि गबेल को अजगरबहार तहसीलदार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजस्व प्रशासन में कसावट लाने की कवायद
जिले में एक साथ एसडीएम और तहसीलदार स्तर पर किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को राजस्व प्रशासन की कार्यप्रणाली को व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एसडीएम और तहसीलदारों की भूमिका आम नागरिकों से जुड़े राजस्व प्रकरणों, भूमि विवाद, नामांतरण, सीमांकन, कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण होती है।
ऐसे में नई पदस्थापनाओं के बाद संबंधित अधिकारियों के सामने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व संबंधी लंबित मामलों का निराकरण, आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान और शासकीय योजनाओं की निगरानी नए अधिकारियों की प्राथमिकता में शामिल रहेगी।
कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा जारी दोनों आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। अब संबंधित अधिकारियों को नवीन पदस्थापना स्थल पर जिम्मेदारी संभालनी होगी। जिले में एक साथ हुए इस बदलाव से राजस्व विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था में नई जिम्मेदारियों के साथ कामकाज का नया स्वरूप देखने को मिलेगा।

