कोरबा

कोरबा पुलिस की अपराधियों एवं फरार वारंटियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्यवाही जारी।

"सजग कोरबा, सतर्क कोरबा" अभियान के तहत दो दिवस में 11 स्थायी वारंटी एवं 56 गिरफ्तारी वारंटी तामील।

*कुल 67 वारंटियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही, सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया*

*जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर फरार वारंटियों की धरपकड़ की गई।*

*लगातार पतासाजी, मुखबिर सूचना एवं योजनाबद्ध दबिश के माध्यम से लंबे समय से फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।*

*न्यायालय से जारी वारंटों की प्रभावी तामिली कर कानून का पालन सुनिश्चित करने की दिशा में कोरबा पुलिस की बड़ी कार्यवाही।*

*अपराधियों में कानून का भय एवं आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विशेष अभियान निरंतर जारी।*

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में कोरबा पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोर नीतीश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के तीनों अनुभागों के अनुभागीय अधिकारियों तथा समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को विशेष अभियान चलाकर वारंटियों की तामिली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के अंतर्गत दिनांक 06.07.2026 एवं 07.07.2026 को जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर लंबे समय से फरार स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों की धरपकड़ की गई। पुलिस टीमों द्वारा लगातार पतासाजी, निगरानी एवं योजनाबद्ध दबिश देकर विभिन्न स्थानों से वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।

अभियान के दौरान दिनांक 06.07.2026 को 06 स्थायी वारंटी एवं 32 गिरफ्तारी वारंटी तथा दिनांक 07.07.2026 को 05 स्थायी वारंटी एवं 24 गिरफ्तारी वारंटी तामील किए गए। इस प्रकार दो दिवस के भीतर कुल 11 स्थायी वारंटी एवं 56 गिरफ्तारी वारंटी, अर्थात कुल 67 वारंटियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार किए गए सभी वारंटी न्यायालय द्वारा पूर्व में जारी वारंटों के बावजूद लंबे समय से फरार चल रहे थे। कोरबा पुलिस द्वारा उनकी सतत निगरानी, पतासाजी एवं सूचना संकलन करते हुए योजनाबद्ध कार्रवाई कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

कोरबा पुलिस द्वारा समय-समय पर फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान संचालित किए जाते हैं। इन अभियानों का उद्देश्य न्यायालय से जारी वारंटों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना, अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना तथा जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।

कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों, फरार आरोपियों एवं वारंटियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त, प्रभावी एवं निरंतर कार्यवाही जारी रहेगी।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button