बिलासपुर

गुरु-चेले के विवाद में किन्नर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार; पुलिस ने हत्या का खुलासा किया

बिलासपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। सकरी थाना क्षेत्र में किन्नर समुदाय के भीतर गुरु-चेले की परंपरा को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए हत्या के आरोप में रिया उर्फ राकेश (किन्नर) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि किन्नर तन्नू खान (निवासी चिल्हाटी) की मित्रता वर्षा जान और मीरा उर्फ आशीष (निवासी जोकी) से थी। तीनों गुरु भाई थे। वर्षा जान 17 जुलाई 2026 को दिल्ली से बिलासपुर आई थी, जिसे तन्नू खान ने पुराना बस स्टैंड स्थित एक होटल में ठहराया था।
20 जुलाई को दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच तीनों साथ थे। इसी दौरान मीरा के आग्रह पर वर्षा जान और तन्नू खान ऑटो से जोकी स्थित उसके घर जाने के लिए तैयार हुए। रास्ते में रिया उर्फ राकेश मिला, जिसे मीरा के कहने पर सभी अपने साथ घर ले गए।
इसके बाद तन्नू और रिया स्कूटी से तालापारा स्थित अस्पताल में तन्नू की बड़ी मां से मिलने गए। लौटते समय दोनों ने पांच पाव देशी शराब और करीब डेढ़ किलो मछली खरीदी। मीरा के घर पहुंचकर तन्नू ने मछली बनाई और चारों ने साथ बैठकर शराब और भोजन किया।
गुरु बनाने की बात पर शुरू हुआ विवाद
भोजन के दौरान तन्नू खान ने रिया से उसके गुरु के बारे में पूछा। किन्नर समाज की गुरु-चेले की परंपरा का हवाला देते हुए तन्नू ने कहा कि चेले को गुरु को सालाना 10 हजार रुपये और मासिक 2 हजार रुपये देने होते हैं। उसने रिया से कहा कि वह उसे अपना गुरु बनाए, अन्यथा उसे मांगकर खाने नहीं दिया जाएगा।
इस पर रिया ने साफ इनकार करते हुए कहा कि उसका कोई गुरु नहीं है और वह किसी का चेला भी नहीं है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखा विवाद शुरू हो गया।
मीरा और वर्षा ने दोनों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन जब बात नहीं बनी तो उन्होंने तालापारा निवासी अपने गुरु राजा किन्नर को फोन कर दोनों को समझाने की कोशिश की। इसके बावजूद विवाद नहीं थमा। तन्नू ने रिया को तालापारा चलकर अपने गुरु से मिलने की बात कही, जबकि रिया ने जवाब दिया कि “चलो, ज्यादा से ज्यादा दो-चार थप्पड़ ही मार लोगे।”
इसके बाद दोनों पैदल जोकी से तालापारा की ओर निकल गए। कुछ देर बाद मीरा और वर्षा उन्हें तलाशने निकले, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला। तन्नू के मोबाइल पर कई बार फोन किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी रिया उर्फ राकेश ने गुरु-चेले के विवाद के चलते तन्नू खान की गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि 21 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच एनएच-130 स्थित दलदलिहापारा बस स्टॉप के पास उसने तन्नू की गला दबाकर हत्या कर दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन, चप्पल और चार्जर सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की है। मामले के खुलासे में सकरी थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button