बिलासपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। राज्य शासन के निर्देश के बाद बिलासपुर पुलिस ने अवैध अप्रवासियों, संदिग्ध घुसपैठियों और बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत व्यक्तियों की पहचान एवं सत्यापन के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत थाना सिरगिट्टी क्षेत्र के 23 संदिग्ध व्यक्तियों को 4 सितंबर 2026 को पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने तक रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेजा गया है।
उप पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (IUCAW) रश्मिता कौर चावला के नेतृत्व में सात निरीक्षकों सहित विशेष टास्क फोर्स (STF) का गठन किया है। जिले के सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, दस्तावेजों की जांच और आवश्यक सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं।
पश्चिम बंगाल तक पहुंची पुलिस की जांच
STF ने बिलासपुर के विभिन्न क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई और जांच करते हुए ऐसे व्यक्तियों की जानकारी जुटाई, जिनके मूल निवास और पहचान से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन आवश्यक पाया गया। दस्तावेजों की प्रमाणिकता जांचने के लिए पुलिस ने संबंधित जिलों के अधिकारियों से संपर्क किया।
विशेष टीम पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और जंगीपुर क्षेत्र में भी पहुंची और वहां के पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से मुलाकात कर बिलासपुर में निवासरत संदिग्ध व्यक्तियों से संबंधित जानकारी साझा की। सीमावर्ती क्षेत्रों से बांग्लादेशी नागरिकों के भारत में प्रवेश और उनके ठहरने से जुड़ी गतिविधियों के संबंध में भी पुलिस ने महत्वपूर्ण तथ्य जुटाए हैं।
सूचना के लिए टोल-फ्री नंबर जारी
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों अथवा बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत व्यक्तियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की है। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया गया है। पुलिस ने कहा है कि किसी व्यक्ति की पहचान, निवास या दस्तावेजों को लेकर संदेह होने पर इस नंबर पर सूचना दी जा सकती है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, अभियान से पहले भी संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। थाना तोरवा क्षेत्र में बांग्लादेश निवासी मोहम्मद हुसैन उर्फ सुब्रती शर्मा उर्फ सागर की पहचान होने के बाद 12 जुलाई 2025 को उसे बांग्लादेश निर्वासन की कार्रवाई की गई थी।
वहीं, थाना तोरवा में 17 मार्च 2025 को बांग्लादेश की एक नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में हृदय कुमार शर्मा के खिलाफ अपराध क्रमांक 122/2025 दर्ज कर गिरफ्तारी की गई थी। न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद बांग्लादेश Deportation की कार्रवाई तक उसे रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेजा गया है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध घुसपैठ और बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ जांच एवं कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
