जांजगीर-चाँपा

जांजगीर-चांपा: CSC सेंटर में डिटोनेटर फटने से विस्फोट, दो आरोपी गिरफ्तार।

जांजगीर-चांपा (ट्रैक सिटी)। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनाहिल में स्थित एक CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) में डिटोनेटर फटने से हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में कंप्यूटर, प्रिंटर, कुर्सी, टेबल सहित अन्य सामग्री को भारी नुकसान पहुंचा है।

पुलिस के अनुसार, घटना 4 अप्रैल 2026 की रात करीब 11:45 बजे की है। CSC सेंटर संचालक भूपेंद्र कुमार साहू ने दुकान से आवाज आने पर अंदर जाकर देखा तो धुआं भरा हुआ था और कुछ जलता हुआ दिखाई दे रहा था। जांच करने पर वह डिटोनेटर निकला, जिसे बाहर फेंकते ही जोरदार धमाका हो गया।

विस्फोट की चपेट में आने से दुकान में रखा कंप्यूटर, सीपीयू, प्रिंटर, कुर्सी और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही संचालक के पैर में भी चोट आई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इस संबंध में थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 115/2026 धारा 109(1), 324(4) बीएनएस एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button