कोरबा

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को मारी टक्कर, दंपती सहित बच्चे घायल।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ जिले में बुधवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दंपती सहित बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उड़ता के पास की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम धंवाईपुर निवासी सूरज रोहीदास अपनी पत्नी बबली रोहीदास, तीन बच्चों और एक रिश्तेदार काजल के साथ बाइक पर सवार होकर निकले थे। वे बच्चों का इलाज कराने और राशन खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सूरज रोहीदास और उनकी पत्नी बबली रोहीदास गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि काजल को मामूली चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दंपती को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ट्रामा वार्ड में भर्ती किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। सविता रोहीदास ने बताया कि उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी थी और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक की तस्वीरें व वीडियो भी बनाए थे। परिजनों का आरोप है कि घटनास्थल पर बच्चों की चप्पल और ट्रक के पहिए में खून के निशान भी दिखाई दिए, जिसकी जानकारी पुलिसकर्मी को दी गई, लेकिन पुलिसकर्मी ने ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने से इनकार कर दिया। इससे परिजनों में कार्रवाई को लेकर संशय बना हुआ है।

सविता ने बताया कि सूरज और बबली रोहीदास दिहाड़ी मजदूरी कर अपने मासूम बच्चों का पालन-पोषण करते हैं। हादसे में दोनों के गंभीर रूप से घायल होने से परिवार के सामने बच्चों की परवरिश की चिंता भी खड़ी हो गई है।

कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों का उपचार जारी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। दुर्घटना में शामिल वाहन की भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button