कोरबा/कटघोरा(ट्रैक सिटी)। कटघोरा वन मंडल के पसान वन परिक्षेत्र अंतर्गत तरईनार गांव में शुक्रवार सुबह एक दंतैल हाथी के घुस आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। खाने की तलाश में गांव पहुंचे हाथी ने प्रकाश नायक के घर की दीवार तोड़ दी। अचानक घर के पास हाथी को देखकर परिवार के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई और वे जान बचाकर दूसरे कमरे में चले गए। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बताया गया कि हाथी सुबह गांव की बस्ती के करीब पहुंच गया और भोजन की तलाश में घरों के आसपास घूमने लगा। इसी दौरान उसने प्रकाश नायक के मकान की दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही वन मंत्री केदार कश्यप कोरबा पहुंचे थे। उन्होंने जिले में मानव-हाथी द्वंद्व की स्थिति और वन विभाग की तैयारियों की समीक्षा करते हुए ‘गज संकेत ऐप’ सहित अन्य नवाचारों से हाथी-मानव संघर्ष में कमी आने और मृत्यु दर घटने का दावा किया था। मंत्री ने दो दिनों तक अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की थी। शुक्रवार सुबह उनके जांजगीर रवाना होने के बाद ही तरईनार में हाथी के बस्ती में घुसने की घटना सामने आ गई।
ग्रामीणों के अनुसार, पसान क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही अब लगातार बनी हुई है। पिछले कई महीनों से हाथियों के दल गांवों के आसपास घूम रहे हैं। हाथी कई बार घरों में घुसकर तोड़फोड़ करने के साथ खेतों में पहुंचकर धान और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की सबसे बड़ी चिंता हाथियों का अचानक बस्ती के नजदीक पहुंचना है। रात में घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। कई ग्रामीण लाठी और टॉर्च लेकर रात में पहरा देने को मजबूर हैं। वन विभाग की हाथी गश्ती टीम ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील कर रही है। गांवों में मुनादी कराकर हाथियों की मौजूदगी की जानकारी दी जा रही है, ताकि लोग समय रहते सावधानी बरत सकें।
