कोरबा

दर्री पुलिस की त्वरित कार्रवाई: स्कूल से घर लौट रही नाबालिग छात्रा से समय पूछने के बहाने छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कोरबा के दर्री थाना क्षेत्र में एक बेहद निंदनीय घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है,यहां एक 28 वर्षीय विवाहित व्यक्ति ने स्कूल से घर लौट रही कक्षा 6 की नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया।

घटना सीएसईबी कॉलोनी के पास शाम करीब 4 बजे हुई।

आरोपी विक्की श्रीवास ने छात्रा को रोककर “समय क्या हुआ है?” पूछने के बहाने उसके साथ अभद्रता की और गलत नियत से छुआ। डर और खतरा भांपकर छात्रा ने जोर-जोर से हल्ला मचाया। उसके चिल्लाने पर आसपास के ग्रामीण दौड़े और आरोपी को पकड़ लिया।

ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

दर्री थाना पुलिस ने सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी विक्की श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता के माता-पिता ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि बच्ची स्कूल से घर लौट रही थी, तभी आरोपी ने उसे रोका और छेड़छाड़ की।

भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के साथ-साथ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

कोरबा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया,”यह मामला बेहद गंभीर है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस तरह की घटनाओं को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पीड़ित परिवार को पूर्ण न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।”

यह घटना इलाके में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही है। स्थानीय लोग पुलिस से ऐसे मामलों में और सख्त निगरानी की मांग कर रहे हैं।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button