कोरबा। नगर पालिक निगम के कोरबा जोन अंतर्गत आने वाले मुख्य शहर और खासकर इतवारी बाजार की ओर जाने वाले मार्ग व तिराहा पर अवस्था का आलम वर्षों से बना हुआ है। यहां सड़क पर दुकान लगाए जाने और बैंक आए हुए ग्राहकों द्वारा बेतरतीब तरीके से वाहन पार्किंग के कारण आवागमन में काफी दिक्कत होती है और दिन भर छोटा- बड़ा जाम लगता ही रहता है। अव्यवस्थित तरीके से लगाए जाने वाले वाहन और ठेले अव्यवस्था का बड़ा कारण बनते आ रहे हैं। पुराना बस स्टैंड के अंदर भी जहां व्यवस्था सही ढंग से नहीं है और मनमानी जारी है तो दूसरी तरफ इतवारी बाजार तिराहा से लेकर रानी रोड, सीतामढ़ी मुख्य मार्ग, स्टेशन रोड तक भी अव्यवस्था देखने को मिलती है। अभी शनि मंदिर से संजय नगर की तरफ अतिक्रमण बढ़ रहा है।
हाल ही में 2 अप्रैल को इतवारी बाजार तिराहा में ठेला लगाने वालों को नोटिस थमा कर 24 घंटे के भीतर अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया है। शुक्रवार की दोपहर निगम और पुलिस प्रशासन द्वारा इन व्यवसाईयों को इतवारी बाजार के अंदर पौनी पसारी में जगह उपलब्ध कराया गया था जहां पर इनके द्वारा सहमति भी दी गई और दुकान भी लगाए गए थे निगम अमला के वापस जाते ही कुछ देर बाद यह फल व्यवसायी अपना ठेला लेकर वापस सड़कों पर आ गए हैं। इनको हटाते ही लोगों ने राहत की सांस ली थी कि अब यहां पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। कुछ देर बाद ही निगम और पुलिस प्रशासन द्वारा बनाई गई व्यवस्था जश की तश हो गई।
शहर वासियों को प्रशासन से काफी उम्मीद है कि वह व्यवस्था में सुधार लाने के लिए अपेक्षित व ठोस कार्य करेंगे लेकिन देखना है कि यह कब तक संभव हो पाएगा।

