कोरबा (ट्रैक सिटी)/ रजगामार चौकी क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गिट्टी से भरे ट्रेलर को खाली करते समय उसका हाइड्रोलिक जैक अचानक टूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में 25 वर्षीय समन्स उर्फ निराले की मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर की स्टेपनी बदलवा रहा था, तभी अचानक यह हादसा हो गया। समन्स मूल रूप से बिहार का निवासी था और कोरबा में मजदूरी का कार्य कर रहा था।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद निर्माण स्थल पर मौजूद मजदूरों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मजदूरों का आरोप है कि यह हादसा लापरवाही के कारण हुआ है, क्योंकि घटना के समय साइट इंचार्ज मौजूद नहीं था और ट्रेलर को बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के खाली किया जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जिनके बिहार से कोरबा पहुंचने की जानकारी है।
मृतक के रिश्तेदार मोहम्मद कैसर ने बताया कि उन्हें फोन पर हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने पाया कि युवक की मौत हो चुकी थी और पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा चुकी थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और लापरवाही की आशंका जताई है। वहीं, मौके पर मौजूद गार्ड इंचार्ज हरिद्वार सिंह ने बताया कि गिट्टी खाली करने के दौरान यह दुर्घटना हुई। उन्होंने स्वयं इसकी जानकारी पुलिस को दी। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

