कोरबा

बुधवारी बाजार की बदहाल व्यवस्था से व्यापारी परेशान, टूटी नालियों से बढ़ी दुर्घटना की आशंका

कोरबा (ट्रैक सिटी)। शहर के सबसे व्यस्ततम बुधवारी बाजार की व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह बदहाल नजर आ रही है। बाजार के व्यापारियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से यहां की नालियां पूरी तरह टूट चुकी हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारियों के अनुसार टूटी नालियों में कई बार दोपहिया और चारपहिया वाहन फंस चुके हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। इस संबंध में कई बार नगर निगम से शिकायत और निवेदन किया गया, लेकिन अब तक न तो नालियों पर स्लैब डाले गए हैं और न ही उनका निर्माण कराया गया है।

 

गौरतलब है कि पिछले दिनों इसी स्थान पर एक पिकअप वाहन टूटे हुए स्लैब में फंस गया था। काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला जा सका था। इस घटना को लेकर समाचार भी प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था, लेकिन इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।


व्यापारियों का कहना है कि बुधवारी बाजार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में टूटी नालियां न केवल व्यापार को प्रभावित कर रही हैं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बनी हुई हैं।
अब देखना होगा कि इस खबर के प्रकाशन के बाद नगर निगम प्रशासन बाजार की इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेकर नालियों की मरम्मत एवं स्लैब निर्माण का कार्य कराता है या फिर व्यापारी और आम नागरिक इसी तरह परेशान होते रहेंगे।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button