कोरबा (ट्रैक सिटी)। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मरकजी सीरत कमेटी कोरबा द्वारा सोमवार, 24 अगस्त को कार एवं बाइक जुलूस का आयोजन किया गया। दोपहर 3 बजे सीतामणी स्थित गौ माता चौक से शुरू हुआ जुलूस निर्धारित मार्ग से होते हुए मस्जिद-ए-गौसे आजम, मुड़ापार तक पहुंचा। भारी बारिश के बावजूद जुलूस में शामिल लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में लोग कार एवं बाइक के साथ इसमें सहभागी बने।
जुलूस के दौरान रास्तेभर धार्मिक नारे गूंजते रहे। बारिश के बीच भी लोगों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ जुलूस में सहभागिता की। आयोजन के माध्यम से ईद मिलादुन्नबी की खुशियां मनाने के साथ आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया। जुलूस के दौरान लोगों ने धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता की और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।
पुलिस प्रशासन ने संभाली यातायात व्यवस्था
पूरे जुलूस के दौरान पुलिस प्रशासन की टीम भी पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रही। पुलिस जवानों ने रैली के साथ-साथ प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखा। इसका उद्देश्य राहगीरों और जुलूस में शामिल लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना रहा। पुलिस की सतर्कता और आयोजकों के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
मरकजी सीरत कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा आसिफ बेग/निशु एवं सचिव मोहसिन मेमन सहित समिति के पदाधिकारी और सदस्यों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई। समिति की ओर से जुलूस में शामिल लोगों से निर्धारित मार्ग, यातायात व्यवस्था और प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से सहभागी बनने की अपील की गई थी।
भारी बारिश के बावजूद लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और पुलिस-प्रशासन एवं आयोजन समिति के समन्वय के चलते ईद मिलादुन्नबी का कार-बाइक जुलूस सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

