कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन कोरबा द्वारा इंदिरा स्टेडियम में “भाला फेंक दिवस” का आयोजन उत्साह एवं खेल भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर रहे। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को अपने हाथों पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया।

अपने संबोधन में सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम हैं। इस प्रकार के आयोजन प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में प्रेस क्लब कोरबा के अध्यक्ष नौशाद खान, ओलंपिक संघ कोरबा के सचिव सुरेश क्रिस्टोफ़र, छत्तीसगढ़ फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव जावेद शेख, जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन से जीत सिंह, स्विमिंग एसोसिएशन के सचिव सक्सेना, सुजीत श्रीवास्तव सहित खेल संगठनों के पदाधिकारी, खेल प्रेमी एवं सैकड़ों खिलाड़ी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन विजेता खिलाड़ियों के सम्मान और सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

