रायपुर (ट्रैक सिटी) प्रार्थी परमेश्वर सिंह, निवासी इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-2, डी.डी. नगर, रायपुर द्वारा थाना डी.डी. नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी मोटरसाइकिल यामाहा आर-15 को घर के पास पार्क किया गया था। दिनांक 09.02.2026 को सुबह लगभग 08:00 बजे पड़ोसी द्वारा सूचना दी गई कि मोटरसाइकिल का पिछला चक्का एवं कुछ पार्ट्स निकाल लिए गए हैं।उक्त रिपोर्ट पर थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 158/26, धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री संदीप पटेल को दी गई। उनके निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राहुल शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त पुरानी बस्ती श्री देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में सायबर सेल एवं थाना डी.डी. नगर की संयुक्त टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर संदेहियों की पहचान की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके स्वयं के वाहन का टायर खराब हो जाने के कारण उन्होंने इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी से मोटरसाइकिल का टायर चोरी कर अपने वाहन में लगा लिया था।जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे में मिली मोटरसाइकिल के दस्तावेजों की जांच करने पर वह भी चोरी की पाई गई।आरोपियों के निशानदेही पर 01 नग चोरी का टायर एवं 02 नग मोटरसाइकिल (कुल कीमत लगभग ₹3,20,000/-) बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया एवं न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

