कोरबा (ट्रैक सिटी)/ महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। विभाग ने योजना से जुड़ी सभी महिलाओं को अनिवार्य रूप से ई-केवाएसी कराने के निर्देश जारी किए हैं।
जारी अधिकृत सूचना के अनुसार ई-केवाएसी प्रक्रिया की शुरुआत 03 अप्रैल से कर दी गई है, जो 30 जून तक संचालित रहेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में यह कार्य ग्राम पंचायत भवनों में तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड कार्यालयों में किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ई-केवाएसी केवल उसी स्थिति में संभव होगी, जब हितग्राही का नाम योजना में दर्ज नाम और आधार कार्ड में अंकित नाम से पूरी तरह मेल खाता हो। यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है, तो उसे पहले संबंधित विभाग में सुधार कराना आवश्यक होगा। अधिकारियों ने हितग्राहियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या संबंधित कार्यालय से संपर्क कर जल्द से जल्द ई-केवाएसी की प्रक्रिया पूर्ण करें।
बताया जा रहा हैं की निर्धारित समय सीमा में ई-केवाएसी नहीं कराने की स्थिति में योजना के तहत मिलने वाली राशि रोक दी जाएगी। विभाग ने सभी हितग्राहियों से समय पर प्रक्रिया पूरी कर योजना का लाभ निरंतर प्राप्त करने अपील की है।

