कोरबा (ट्रैक सिटी)। मानसून की दस्तक के साथ ही जिले में सांप, बिच्छू और अन्य विषैले जीव-जंतुओं की सक्रियता बढ़ गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण ये जीव सुरक्षित ठिकानों की तलाश में घरों, आंगनों, गोदामों और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं। ऐसे में छोटी-सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
इसी को लेकर वाइल्डलाइफ रेस्क्यु टीम कोरबा के अध्यक्ष जितेंद्र सारथी ने नागरिकों से महत्वपूर्ण अपील करते हुए कहा है कि केवल मोबाइल की फ्लैशलाइट पर निर्भर रहना जोखिम भरा हो सकता है। मोबाइल की टॉर्च की तुलना में एक अच्छी गुणवत्ता वाली टॉर्च अधिक तेज रोशनी, बेहतर फोकस और अधिक दूरी तक प्रकाश देती है, जिससे अंधेरे में छिपे विषैले जीवों को समय रहते देखा जा सकता है और दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी अधिकांश घरों में टॉर्च रखना सामान्य बात है, लेकिन शहरी क्षेत्रों में यह आदत तेजी से खत्म होती जा रही है। बरसात के मौसम में प्रत्येक परिवार के पास एक मजबूत और पूरी तरह चार्ज या बैटरीयुक्त टॉर्च होना आवश्यक है। रात के समय घर के बाहर निकलते समय, आंगन, सीढ़ियों, बगीचे, वाहन पार्किंग, गोदाम अथवा अन्य अंधेरे स्थानों पर जाने से पहले टॉर्च का उपयोग अवश्य करें।
जितेंद्र सारथी ने लोगों से यह भी आग्रह किया कि यदि घर या आसपास सांप अथवा कोई अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे स्वयं पकड़ने का प्रयास करें। तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यु टीम कोरबा की हेल्पलाइन 8817534455 एवं 7999622151 पर सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम सुरक्षित तरीके से उसे पकड़कर जंगल में छोड़ सके।
उन्होंने कहा कि “एक अच्छी टॉर्च की छोटी-सी तैयारी किसी बड़े हादसे को टाल सकती है। बरसात में सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।” वाइल्डलाइफ रेस्क्यु टीम ने सभी नागरिकों से अपने घर में एक अच्छी टॉर्च रखने और स्वयं के साथ परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

